Wednesday, November 12, 2014

झूठ का लेकर सहारा जो उबर जाऊंगा
मौत आने से नहीं शर्म से मर जाऊंगा

सख्त जां हो गया तूफान से टकराने पर
लोग समझते थे कि तिनकों सा बिखर जाऊंगा

है यकीं लौट के आऊंगा मैं फतेह बनकर
सर हथेली पे लिए अपना जिधर जाऊंगा

सिर्फ जर्रा हूं अगर देखिए मेरी जानिब
सारी ‍दुनिया में मगर रोशनी कर जाऊंगा

कुछ निशानात हैं राहों में तो जारी है सफर
ये निशानात न होंगे तो किधर जाऊंगा