Friday, March 22, 2013

“ मैं राही जीवन पथ का “


“ मैं राही जीवन पथ का “

मैं राही जीवन पथ का,
          पथ पर चलता जाता हूँI
माना कि चारों ओर अंधेरा है,
हर चेहरे के पीछे एक चेहरा हैI
मेरी जिंदगी की जमीं बंजर है,
जहां विशवास है,वहीं पीठ मे खंज़र हैI
फिर भी जिजीविषा नहीं जीर्ण हुई,
सोच मेरी नहीं संकीर्ण हुई,
मन मे छाए तिमिर दूर करने को,
नित्य दिन आशा का एक दीप जलाता हूँ,
मैं राही जीवन पथ का ,
          पथ पर चलता जाता हूँ I

  
जब से चेतना जागी, अकेला ही चलता आया हूँ,
वक़्त की गोद मे बस यूं ही पलता आया हूँ I
मरुभूमि सी इस ज़िंदगी मे,
मृग-मरीचिका सी खुशियाँ ढूँढता हूँI
खुशियाँ पाने की आरज़ू मे,
हमसफर की जुस्तजू मे,
कभी सोपान बना तो कभी मोहरा बना,
कभी नींव का पत्थर तो कभी किनारा बना I
वक़्त के इन थपेरों को सह कर भी,
मन मे जीने की आस जगाता हूँ I
मैं राही जीवन पथ का,
       पथ पर चलता जाता हूँ I


पानी के बुलबुलों सा है सपना मेरा,
आज बनता तो कल फूट जाता है I
ज़िंदगी के समुंदर मे इस नाविक से,
मझधार मे हीं पतवार क्यों छूट जाता है ?
ए ज़िंदगी तू अगर एक समर है,
तो तेरे सामने खड़ा ये “अमर” है I
डगमगाती नाव को साहिल तक मैं ले जाऊँगा,
मुसीबतों की आंधीयों मे भी दीप जलाऊंगा I
मन में बस यही संकल्प ले बढ़ता जाता हूँ,
मैं राही जीवन पथ का,
       पथ पर चलता जाता हूँ I



                                                -    अमरजीत कुमार